बिलारी। नवरात्र के आठवें दिन नगर और देहात के देवी मंदिरों में भक्तों द्वारा मां आदि शक्ति के आठवें स्वरूप माता महागौरी की विशेष पूजा की गई। उधर श्रीराम आश्रम काली मंदिर में आयोजित नवचंडी महायज्ञ में भक्तों ने हवन में आहुतियां दीं।
बृहस्पतिवार सवेरे माता महागौरी की पूजा करने के बाद छोटे बच्चों को कन्या बरुओं के रूप में जिमाया गया और उनके चरण छूकर आशीर्वाद लिया गया। बाद में कन्याओं को दान-दक्षिणा और उपहार भेंट किए गए। इसी दौरान सप्तमी को व्रत रखने वाले भक्तों ने पारण किया। अनेक मंदिरों में महिला भक्तों द्वारा भजन संकीर्तन भी किया गया।
सहसपुर में हाईवे स्थित श्रीराम आश्रम काली मंदिर में चल रहे नवचंडी महायज्ञ में यह यजमान के रूप में नरेश गुप्ता, निधि गुप्ता, सुनील गुप्ता, मीना गुप्ता, वीरपाल सिंह और संध्यावती ने शामिल होकर आहुतियां समर्पित कीं और महायज्ञ स्थल की परिक्रमा करते हुए पूजा-अर्चना की। पंडित राघवेंद्र शर्मा, मोहनलाल शर्मा, सरोज शर्मा, विमल कुमार शर्मा, मोहित शर्मा, गौरव गुप्ता, ओमप्रकाश सिंह आदि ने यज्ञ संपन्न कराया।
नगर के प्राचीन गंवादेवत मंदिर में बृहस्पतिवार शाम अष्टमी के उपलक्ष्य में विशेष हवन हुआ। पंडित विशोक शर्मा ने हवन संपन्न कराया। इस दौरान क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। हवन में मंदिर की पुजारी सुमन देवी के अलावा सुरेंद्र कुमार चुग, मीना चुग, ओमवती गुप्ता आदि भक्त मौजूद रहे।