मुरादाबाद। पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासकों की ओर से 12 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य दर्शाकर 11 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया। खबर प्रकाशित होने पर आनन-फानन में लीपापोती के लिए जांच तो शुरू कर दी गई। लेकिन कार्रवाई अब तक सिफर है। मौके पर पहुंचकर डीपीआरओ ने देखा तो कागजों में दर्शाए गए निर्माण कार्य मौके से गायब थे। उसके बावजूद कार्रवाई करने के बजाय निर्माण कार्य पूरा करने के लिए या कहें कि निकाली गई धनराशि को ठिकाने लगाने के लिए 15 दिन की मोहलत और दे दी है।
पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासकों ने गांव में जिले की 348 ग्राम पंचायतों में 12 करोड़ के काम करा डाले हैं। निर्माण कार्य दिखाकर ग्राम निधि के खाते से 12 करोड़ रुपये निकाल लिए गए हैं। 11 करोड़ के भुगतान का ब्योरा भी विभाग के पास जमा है। लेकिन इस खेल को जब अमर उजाला ने उजागर किया तो विभागीय अधिकारियों से लेकर मिलीभगत में हमसाज लोगों तक की नींदें उड़ गईं। तीन जून को ग्राम पंचायत सोनकपुर और रतनपुर कलां की पड़ताल की गई, जिसमें निर्माण कार्यों की पोल खुलकर सामने आ गई। शुक्रवार को जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश कुमार ने ब्लाक कुंदरकी की ग्राम पंचायत सोनकपुर का आनन-फानन निरीक्षण भी कर दिया। लेकिन निर्माण कार्य नहीं मिले। लेकिन डीपीआरओ ने मामले में कोई कार्रवाई करना तो दूर उलटा गलती छिपाने के लिए 15 दिन की मोहलत दे दी है। अब तक जांच की रिपोर्ट भी प्रशासन को नहीं सौंपी गई है।
ग्राम पंचायतों के धन का दुरुपयोग करने पर कमिश्नर सख्त, जांच के आदेश
ग्राम पंचायतों में प्रशासकों द्वारा ग्राम निधि का दुरुपयोग करने पर कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह सख्त हो गए हैं। उन्होंने मंडल भर के जिलाधिकारियों और पंचायत राज अधिकारियों को जांच के आदेश दे दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि 24 दिसंबर 2020 को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से 26 मई 2021 तक प्रशासकों का कार्यकाल रहा है। इस दौरान ग्राम निधि से निकाले गए धन की संपूर्ण जांच की जाए। जो धन निकाला गया है, उससे काम हुए हैं या नहीं। यदि हुए हैं तो गुणवत्तापरक हैं या नहीं। कमिश्नर ने कहा है कि यदि कहीं बिना काम कराए धन निकाला गया है तो यह घोर वित्तीय अनियमितता है, जिस पर कार्यवाई सुनिश्चित की जाएगी। अनियमितता करने वाले पर मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही धन की रिकवरी भी कराई जाएगी।
मामला सुन नवागत जिलाधिकारी हैरान, कहा- अनियमितता करने वालों पर कार्रवाई होगी
मुरादाबाद की ग्राम पंचायतों में प्रशासकों द्वारा वित्तीय अनियमितता करने का मामला सुन नवागत जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह हैरान रह गए। उन्होंने कहा है कि जिला पंचायत राज अधिकारी से मामले की जांच कराकर संपूर्ण रिपोर्ट मंगाई जाएगी। साथ ही अनियमितता करने वालों पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ग्राम निधि के धन की रिकवरी भी कराई जाएगी।