कुंदरकी। क्षेत्र के ग्राम चकफाजलपुर निवासी अरविंद ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने और शिकायत करने पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पीड़ित अरविंद के अनुसार तीन माह पूर्व उनकी पत्नी मुकेश देवी की तबीयत खराब हो गई थी। इलाज के लिए वह जैतपुर पट्टी गांव में संचालित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां पर अस्पताल संचालक और उनके सहयोगी ने अल्ट्रासाउंड देख कर बताया कि महिला के पित्ते में पथरी है जिसको ऑपरेशन होना है और कहा कि मुरादाबाद से डॉक्टर आकर ऑपरेशन करेंगे। परिजनों का आरोप है कि अगले ही दिन ऑपरेशन कर दिया गया लेकिन 15 दिन बाद ही मरीज की हालत बिगड़ गई और शरीर से ऑपरेशन वाली जगह से पस आने लगा। शिकायत करने पर दोनों डॉक्टर मरीज को मुरादाबाद ले गए और वहां डॉक्टर ने दूसरा ऑपरेशन कराया गया। इसके बाद भी मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित ने बताया कि जब वह फिर से शिकायत लेकर मुरादाबाद गए तो ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर ने उनके साथ गाली गलौज और मारपीट की। साथ ही जाति सूचक शब्द भी कहे। आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन और इलाज के नाम पर दो लाख रुपये भी ले लिए। थाना प्रभारी हम्बीर सिंह जादौन ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई और जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।