मुरादाबाद। स्टेट जीएसटी की शिकायत के बावजूद सीतापुर में सीजीएसटी के अधिकारी ने बोगस फर्म का सत्यापन कर दिया। इस मामले में शिकायत प्रदेश के अधिकारियों से की गई तो तत्काल सत्यापन निरस्त कर दिया।
राज्य कर के अधिकारियों ने सीतापुर की एक लकड़ी की फर्म की जीएसटी चोरी पकड़ी थी। उसने बोगस फर्मों के माध्यम से हरियाणा सहित कई राज्यों में 67 करोड़ टर्नओवर कर आठ करोड़ की जीएसटी चोरी की थी। इस मामले में शिकायत के बावजूद सीजीएसटी के अधिकारियों ने फर्म का सत्यापन कर दिया। पोर्टल पर सत्यापन देकर राज्य कर के अधिकारी आश्चर्य चकित रह गए। क्योंकि मौके पर फर्म का कारोबार भौतिक सत्यापन में नहीं पाया गया था। इस मामले में राज्य कर के अधिकारियों ने एक रिपोर्ट तैयार कर सीजीएसटी के उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया। कार्रवाई के भय से सीजीएसटी सीतापुर के अधिकारी ने तत्काल बोगस फर्म का सत्यापन रद्द कर दिया। इसी प्रकार सीजीएसटी के मुरादाबाद सहित अन्य कार्यालयों द्वारा सौ से अधिक बोगस फर्में निरस्त कर दी गई हैं।
00
जोन की दो फर्मों पर शीघ्र कार्रवाई की संभावना
जोन में लकड़ी की दो और फर्मों के खिलाफ राज्य कर अधिकारी जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों फर्मों ने बोगस फर्मों के माध्यम से करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी की है। इसमें एक फर्म ठाकुरद्वारा और एक रामपुर की बताई जा रही है। संभावना है कि शीघ्र ही दोनों फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
00
निलंबित सीटीओ कोर्ट का सहारा लेगी
बरेली के बोगस फर्म का पंजीयन करने के मामले में फंसी सीमा तिवारी को विभागीय कार्रवाई में निलंबित कर मेरठ से संबद्ध कर दिया गया है। पता चला है कि उन्होंने कागजात मिलने पर एक फर्म का सत्यापन कर दिया था। इस दौरान विभाग के उच्चाधिकारियों ने अपने स्तर से बोगस फर्म को पहले नहीं पकड़ा था। इसी वजह से सीटीओ अधिक तेजी के साथ काम करने में फंस गई और अन्य उच्च अधिकारी बच गए।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सीटीओ को कोर्ट से ही राहत मिलेगी। संभावना है कि वह शीघ्र ही कोर्ट जाएंगी।