कांठ। छजलैट में नूरपुर मार्ग से 15 दिन पहले रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए डेढ़ साल के मासूम बच्चे का अभी तक भी कोई पता नहीं लग पाया है। पुलिस टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं। लगातार लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
नगर के नवादड़ी का अंकित छजलैट में सड़क किनारे डेरा डालकर जड़ी-बूटी बेचता है। 16 अक्तूबर की शाम यहां चारपाई पर खेल रहा उसका डेढ़ साल का बेटा मोहन रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया था। पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज की थी। तभी से पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीमें बच्चे की लगातार तलाश कर रही हैं। बच्चे की तलाश में एक टीम लखनऊ भी गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला सहित दो को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। जिस पर लापता बच्चे के परिजन व रिश्तेदार भी थाने आ गए। वहीं पूछताछ के लिए बुलाए गए लोगों के परिजन भी पहुंच गए। पूरा दिन थाने के बाहर दोनों पक्ष डटे रहे लेकिन शाम तक भी कोई नतीजा हासिल नहीं हुआ था। बच्चे को तलाशने के लिए पुलिस सीडीआर सहित सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ले रही है। इधर बच्चे के नहीं मिलने से उसके परिजन चिंतित हैं।