मुरादाबाद। आयुष्मान भारत योजना के तहत मुरादाबाद जिले में 1362878 लोगों के नाम हैं। अब तक 11 लाख 90 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। अब भी 1.72 लाख लोग रह गए हैं जिन्होंने आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है। जिला प्रशासन की सख्ती के बाद आशा और आंगनबाड़ी वर्करों के स्तर से भी आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार जिले के 102 निजी और 29 सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज किया जा रहा है। अब तक एक लाख 90 हजार 488 मरीजों ने निजी अस्पतालों में जबकि 17 हजार 84 मरीजों ने सरकारी अस्पतालों में योजना का लाभ लिया है। दिल्ली, लखनऊ और चेन्नई जैसे बड़े शहरों के सूचीबद्ध अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा मिल रही है। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में 13 लाख 62 हजार 878 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया था। इसके सापेक्ष अब तक 11 लाख 90 हजार 927 कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का करीब 87 प्रतिशत है। शेष पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी का नाम सरकारी सूची में होना आवश्यक है। इसके साथ ही आधार कार्ड में उम्र और अन्य विवरण सही होना जरूरी है। जिन लोगों के कार्ड अभी तक नहीं बन सके हैं, वे संबंधित केंद्रों पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।