बसपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में शुक्रवार को पूर्व विधायक विजय सिंह ने मंच से पीएम मोदी के खिलाफ बोलना शुरू किया तो मर्यादाओं की सीमा भी लांघते चले गए। पूर्व विधायक ने कहा कि इमरजेंसी ने इंदिरा की जान ली थी और नोटबंदी मोदी को मार डालेगी। पुलिस ने उनके भाषण की वीडियो बना ली है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
सिविल लाइंस में जिला अस्पताल के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में शुक्रवार को बसपा का पिछड़ा वर्ग भाई चारा सम्मेलन था। जिसमें बसपा नेता नोटबंदी के मुद्दे पर एक - एक कर पीएम मोदी पर बरस रहे थे।
पार्टी के पूर्व विधायक और ठाकुरद्वारा सीट से बसपा प्रत्याशी विजय सिंह यादव की बारी आई तो उन्होंने माइक संभालते ही पीएम पर अपशब्दों की बौछार कर दी। बोले, मोदी ने पहले पब्लिक का वोट लिया फिर नोट लिया और अब गरीबाें के बच्चों का टैंटुआ घोंट दिया है।
पूर्व विधायक ने मंच से कहा कि केंद्र की सरकार गरीब- मजलूमों पर जुल्म कर रही है। विजय सिंह यहीं नहीं रुके, बोले - इमरजेंसी ने जिस तरह इंदिरा तो मरवाया था उसी तरह नोटबंदी मोदी को मारेगी।
पूर्व विधायक के ये अपशब्द पुलिस ने कैमरे में रिकार्ड कर लिए हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह का कहना है कि मामला पुलिस की जानकारी में है और पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।