मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति की पंचायत में प्रदेश के मुख्यमंत्री से अमरोहा चीनी मिल को चालू किए जाने की मांग की गई है। भाकियू नेताओं का कहना है कि भाजपा ने वादा किया था कि सरकार में आने पर अमरोहा चीनी मिल को चालू किया जाएगा। पंचायत में सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप भी लगाया गया।
ब्लॉक परिसर में मंगलवार को आयोजित भाकियू लोकशक्ति की पंचायत में राष्ट्रीय सचिव सुमित नागर ने कहा कि भाजपा सरकार का दावा था कि वह किसानों की आय दोगुनी करने के लिए काम कर रही है। किसानों की आय तो दोगुनी नहीं हुई लेकिन खेती के काम आने वाली वस्तुओं के दाम बढ़ गए। पंचायत में अमरोहा चीनी मिल चालू किए जाने की मांग भी की गई। उनका कहना था कि मायावती सरकार में अमरोहा चीनी मिल बेच दी गई थी। उस समय विपक्ष में बैठी भाजपा ने कहा था कि सत्ता में आने पर अमरोहा चीनी मिल को चालू कराया जाएगा। उस क्षेत्र के किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत में अग्निवीर योजना को बंद किए जाने की मांग की गई। वक्ताओं का कहना था कि इस योजना से किसी को कोई लाभ नहीं है। पंचायत में बिजली मीटर रीडिंग पर हो रही धांधली रोकने की मांग भी की गई। इस मौके पर जसवंत सिंह, नरदेव सिंह कश्यप, अनीता, चंद्रपाल सिंह, सुभाष चंद, सतनाम सिंह आदि मौजूद थे।