सुरजन नगर । रविवार को सुरजन नगर में सिंघाड़िया उत्थान महासभा के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सिंघाड़िया बिरादरी वर्षों से तालाबों में सिंघाड़ा उत्पादन कर अपने परिवारों का भरण-पोषण करती आ रही है। यह समुदाय का पारंपरिक एवं मुख्य व्यवसाय है और अधिकांश परिवार इसी पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि जिन तालाबों में वे कार्य करते हैं, वे श्रेणी-3 के अंतर्गत आते हैं लेकिन तहसील स्तर पर राजस्व अभिलेखों से बिरादरी के लोगों के नाम काटकर उन्हें बेदखल किया जा रहा है।
महासभा के सचिव मनोज कुमार गौतम एवं संदीप कुमार ने कहा कि इस कार्रवाई के कारण समाज के अनेक परिवारों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है और वे भुखमरी की स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंघाड़ा उत्पादन के अतिरिक्त उनके पास आय का कोई अन्य स्थायी स्रोत नहीं है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर विरासत में मिले तालाबों से सिंघाड़िया बिरादरी के लोगों के नाम न काटे जाने की मांग की।