कांठ। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण में लापरवाही बरतने और समय पर सेशन शुरू न करने के आरोप में चिकित्सा अधीक्षक ने तीन स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की है। उन्होंने तीनों आरोपियों से उनका स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही तीनों का तीन तीन का वेतन काट दिया है। कार्रवाई से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शासन के निर्देश पर कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए कांठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 18 प्लस और 45 से अधिक आयु वालों के टीकाकरण के लिए दो सेशन चलाए जा रहे हैं।
चिकित्सा अधीक्षक कांठ डॉ. योगेंद्र सिंह लाम्बे ने दोनों सेशन में नियुक्त टीकाकरण कर्मचारियों को समय पर पहुंचकर अपने अपने सेशन प्रारंभ करने के निर्देश दिए हुए हैं, लेकिन 45 प्लस वाले सेशन पर तैनात सीएचओ सोनम तोमर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की अनवर जहां और एएनएम प्रीति समय पर उपस्थित नहीं हो रही थीं।
इसे लेकर टीकाकरण में देरी पर शुक्रवार को लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया था। इस कार्य में लापरवाही बरतने और सेशन को समय पर पहुंचकर प्रारंभ न करने के आरोप में चिकित्सा अधीक्षक ने सीएचओ सोनम तोमर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की अनवर जहां और एएनएम प्रीति को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है। साथ ही तीनों का तीन तीन का वेतन काटा है। चिकित्सा अधीक्षक ने इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एमसी गर्ग और एबीएम कांठ नरेंद्र कश्यप को भेजी है।