बिलारी। ब्लॉक के रायपुर गांव में शुक्रवार दोपहर पंचायतीराज विभाग की ओर से ग्राम चौपाल लगाई गई। इसमें बीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आबादी के अंदर की टूटी सड़कें ठीक कराने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
रायपुर के पंचायत सचिवालय में लगी चौपाल में ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल नहीं मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पीलिया के कई रोगी हैं, उनके विशेष उपचार के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगवाना जरूरी है। ग्रामीणों ने बताया कि जलनिगम द्वारा भूमिगत वाटर पाइप लाइन बिछाने के लिए गांव में खोदी गई सड़कों को अभी तक ठेकेदार द्वारा ठीक नहीं कराया गया है। कई ग्रामीणों ने पात्र होने के बाद भी पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ न मिलने, नए राशन कार्ड और नई जॉब कार्ड न बनने की शिकायत की।
गांव में लगे कई इंडिया मार्का हैंडपंप खराब होने, ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ न मिलने, कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ न मिलने आदि समस्याएं भी बताईं। बीडीओ नरेशपाल सिंह ने ग्रामीणों को उनके द्वारा बताई गई सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। बीडीओ ने पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा गांव में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखते हुए स्वास्थ्य विभाग से विशेष शिविर आयोजन की व्यवस्था कराई जाए।