मुरादाबाद। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में शुक्रवार को उद्यमियों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। ई-वेस्ट रिसाइकिलिंग व कलेक्शन का वार्डवार डिस्पोजल, अवैध भट्ठियों समेत उद्यमियों के उठाए मामलों पर कमिश्नर ने अधिकारियों से जवाब मांगा।
अवैध भट्ठियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत करने के लिए कहा। साथ ही निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का निस्तारण जनपद स्तर पर नहीं हो रहा है, उसे मंडल स्तर पर भेजें। बैठक में डीएफओ ने प्रस्ताव रखा कि डियर पार्क को ईको टूरिज्म के लिए विकसित किया जा सकता है। कमिश्नर ने सहमति जताई और कहा कि स्कूलों के बच्चों के लिए लर्निंग एक्सपीरियंस संबंधित चीजों को शामिल किया जाए।
संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने कहा कि 27 फरवरी को मुरादाबाद व बरेली मंडल का संयुक्त क्रेडिट कैंप पंचायत भवन में लगाया जाएगा। अधिक से अधिक स्वीकृति वितरण की कार्यवाही बैंकों द्वारा की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि मंडल में 5500 आवेदन संबंधित बैंकों पर लंबित हैं लेकिन वितरण की स्थिति धीमी है। वितरण की प्रगति के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया।
गागन नदी के किनारे-किनारे गंदगी पर सिंचाई विभाग को कार्य करने व नदी के चिह्नांकन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। सिंचाई विभाग और नगर निगम को निर्देश दिए कि नदियों में जहां-जहां से गंदा पानी आ रहा है, उसकी एक विस्तृत रिपोर्ट दें। नगर निगम लोगों को घरों में मौजूद ई-वेस्ट के संबंध में जागरूक करे और ई-वेस्ट डिस्पोजल को अभियान की तरह चलाए।
बैठक में मुरादाबाद के प्लेज पार्क पर भी विशेष चर्चा की गई। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारी को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सचिव अंजुलता, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार, यस के चेयरमैन जेपी सिंह, एससी कौशिक, आईआईए से शैलेंद्र अग्रवाल, उपायुक्त उद्योग रामपुर मनीष कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।