बिलारी (मुरादाबाद)। स्थानीय शुगर मिल में बृहस्पतिवार की देर रात को ड्यूटी कर रहे कर्मचारी की ग्रीस लगाते समय मशन में फंसकर मौत हो गई। पुलिस ने मिल कर्मी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरेली जिले की बहेड़ी तहसील के गांव मालपुर छितौना निवासी मनप्रीत सिंह 22 वर्ष बीते दो वर्षों से बिलारी के शुगर मिल में फिटर हेल्पर के रूप में कार्य कर रहा था। मनप्रीत बृहस्पतिवार की शाम को भी ड्यूटी पर था। मनप्रीत के साथी हितेंद्र सिंह के मुताबिक मनप्रीत बृहस्पतिवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे अपने रूटीन कार्य के मुताबिक बैगास एलीबेटर संबंधी मशीन में ग्रीस लगाने गया था। मिल कर्मियों का अनुमान है कि मनप्रीत का मफलर या अन्य कोई कपड़ा मशीन में आ गया इसी वजह से वह मशीन में फंस गया। मशीन के ऑपरेटर को हादसे की जानकारी तब हुई लोड बढ़ने पर मोटर ट्रिप होकर मशीन बंद हो गई। मौके पर जाकर जब देखा तब मनप्रीत मशीन में फंसा हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मिल के एचआर हेड मुकेश कौशिक मौके पर पहुंच गए। मिल प्रबंधन की सूचना पर सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी महेंद्र कुमार शुक्ल और कोतवाली प्रभारी गजेंद्र त्यागी भी घटना स्थल पर पहुंच गए। इस मामले में शुगर मिल के वरिष्ठ अभियंता टहल सिंह की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने वरिष्ठ अभियंता की ओर से मामला दर्ज कर मृतक शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर शुक्रवार की दोपहर मृतक के परिजन मुरादाबाद पोस्टमार्टम हाउस पर ही पहुंच गए।