ठाकुरद्वारा। राशन के विवाद में गांव रामूवाला गनेश में सोमवार को डीलर और कार्ड धारक में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों घायल हो गए। गांव के केवेंद्र सिंह ने सोमवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कहा कि वह गांव के राशन डीलर जयवीर सिंह की दुकान पर मासिक राशन लेने के लिए गया था। उसके चार यूनिट हैं। मानक के अनुसार उसे 20 किलो राशन मिलना चाहिए था। लेकिन आरोप है कि डीलर ने उसे 18 किलो राशन दिया जो दो किलो कम था। उसने पूरा राशन मांगा तो डीलर ने उसे पूरा राशन देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया और दोनों में जमकर डंडे और धारदार हथियार चले। उधर राशन डीलर जयवीर सिंह का कहना है कि केवेंद्र सिंह उससे चावल के बदले भी गेहूं मांग रहा था लेकिन उसने उसे दोनों सामान लेने को कहा तो उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर उसने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया। शिकायत की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।