मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक्सीडेंट जोन बन चुके मनकरा मोड़ कट पर सोमवार की सुबह फिर चार जिंदगियां खत्म हो गईं। मनकरा लिंक मार्ग से आने वाले वाहन अक्सर रामपुर की ओर से आने वाले वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते हैं। सोमवार की सुबह भी ऐसा ही कुछ हुआ। बताया जा रहा है कि ईंट लदी बिना नंबर प्लेट की ट्रैक्टर ट्रॉली कट से जैसे ही हाईवे पर चढ़ी तो करीब 100 किलोमीटर की रफ्तार से आ रही कार उसमें पीछे से घुस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के तो परखच्चे उड़ गए साथ ही ट्रॉली की ईंटें भी दूर तक हाईवे पर फैल गईं।
हल्द्वानी निवासी योगा टीचर यशदीप पांडे सोमवार की सुबह अपनी कार में नैनीताल बैंक के रीजनल मैनेजर दयाल सिंह रावत, इंजीनियर भुवन भंडारी, सीनियर एकाउंटेंट सुंदर सिंह और अनिल नेगी को बैठाकर नोएडा जा रहे थे। चालक ने पुलिस को बताया कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रही होगी। जब कार मूंढापांडे थाने के पास मनकरा मोड़ के पास पहुंची। एक्सीडेंट जोन बन चुके मनकरा मोड़ कट पर अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली आ गई। यशदीप पांडे कार को रोक पाते। उससे पहले ही कार पीछे से घुस गई। जानलेवा बन चुके इस कट को बंद करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी कई बार मुआयना कर चुके हैं। बैठकें हो चुकी हैं लेकिन न तो कट बंद हुआ और न ही यहां हादसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। इसी का नतीजा है कि सोमवार की सुबह फिर चार जिंदगियां खत्म हो गईं। हैरानी की बात है कि इस ट्रैक्टर ट्रॉली की वजह से हादसा हुआ है वह बिना नंबर प्लेट के धड़ल्ले से दौड़ रही थी। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग गया लेकिन अब तक चालक का पता चल पाया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने मुआयना किया और हादसे का सही कारण जानने का प्रयास किया। उन्होंने आस पड़ोस के लोगों और पुलिस कर्मियों से बात की। तब सामने आया है कि लिंकरोड से अचानक आने वाले वाहन रामपुर की ओर से आने वाहन चालक को दिखाई नहीं देते हैं। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से बात की और कट बंद करने और यहां फ्लाई ओवर बनाए जाने पर चर्चा भी की है।