मुरादाबाद में रेलवे पटरी पर मिल शव(FILE)
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के सामने गेस्ट हाउस से युवक का शव मिला है। वह एक दिन पहले ही गेस्ट हाउस में अपने साथी के साथ पहुंचा था। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। टीम ने मौके से नमूने लिए हैं। जांच पड़ताल के दौरान कमरे से नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाइयां मिली हैं।
उधर, दलपतपुर इलाके से रेलवे पुलिस ने ट्रैक से हाथ-पांव कटी लाश मिली है। उसको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि युवक का शव पड़ा होने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कपड़ों की तलाशी लेने पर उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। युवक की पहचान विकास कुमार निवासी अमरोहा के तौर पर हुई है।
रेलवे स्टेशन पर हुई घटना में मृतक की पहचान आरिश कुरैशी उर्फ गोलू के रूप में हुई है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी लुईसा मसीह निजी स्कूल में टीचर हैं। वह 2007 में अपने पति से अलग हो गई थीं। इसके बाद वह अपने दोनों बेटों के साथ रहने लगी थीं। दोनों बेटे नर्सिंग का कोर्स करने के बाद दिल्ली के अलग-अलग अस्पताल में नौकरी करने लगे थे लेकिन कुछ दिन पहले छोटे बेटे आरिश कुरैशी उर्फ गोलू की नौकरी छोड़ गई थी।
इसके बाद वह मुरादाबाद वापस आ गया था।बृहस्पतिवार को आरिश अपने एक दोस्त के साथ रेलवे स्टेशन के सामने बालाजी गेस्ट हाउस में कमरा लेकर रुका था। सुबह उसका दोस्त चाय पीने की बात कहकर होटल से बाहर चला गया। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं आया। तब गेस्ट हाउस के कर्मियों ने कमरे को चेक किया।
कमरे में आरिश का शव पड़ा था। इसकी जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया,सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। जांच पड़ताल के दौरान कमरे में नशे में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन, दवाइयां और सिरिंज मिली हैं।
सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए दूसरे युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।