मंडी धनौरा(अमरोहा)। थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर के निकट राम गंगा पोषक नहर में दो घंटे के अंतराल में पुरुष व महिला के शव उतराते मिले मिले। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शवों के शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शव को मोर्चरी पर रखवा दिया है।
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप ने बताया कि सोमवार की सुबह आठ बजे शेरपुर गांव के निकट ग्रामीणों ने रामगंगा पोषक नहर में एक पुरुष का शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव किसी पुरुष का था और काफी गल चुका था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुरुष की अनुमानित आयु 40 साल है। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अभी शव का पंचनामा भरा ही था कि रामगंगा पोषक नहर में एक महिला का शव मिलने की सूचना आ गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक महिला की अनुमानित आयु करीब 25 साल होगी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रामगंगा पोषक नहर में दोनों शव बिजनौर दिशा से बहकर आए हैं। जनपद बिजनौर के अधिकारियों को पुरुष व महिला के शव मिलने व उनके हुलिए की जानकारी दी गई है। फिलहाल दोनों शव मोर्चरी पर रखे गए हैं।
-