मुरादाबाद। दिल्ली हाईवे पर खड़े ट्रक में मृत पशु मिले से हड़कंप मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर ट्रक को कब्जे में लिया। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराने के बाद जंगल मे दबा दिए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मंगलवार सुबह पाकबड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली हाईवे पर ढाबा के पास तीन दिन से पंजाब नंबर प्लेट लगा एक ट्रक खड़ा है। आस पास के लोगों को दुर्गंध आने लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के ऊपर ढका तिरपाल हटाकर देखा तो उसमें तकरीबन एक दर्जन पशु मृत पड़े हुए थे। जिसकी वजह से बहुत दुर्गंध आ रही थी। ट्रक खराब हालत में खड़ा हुआ था। पुलिस क्रेन की मदद से ट्रक को जंगल मे ले गई। इसके बाद पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी गई। पशु चिकित्सा अधिकारी ने सभी पशुओं का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर मृत पशुओं को दबा दिया गया। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ गो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि ट्रक मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।