भारत सरकार हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय की विकास आयुक्त (डीसी) अमृतराज मंगलवार मुरादाबाद पहुंचीं। सबसे पहले वह पीतल नगरी स्थित मेटल हैंडीक्राफ्ट सेंटर पहुंची। वहां उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हस्तशिल्पकारों की सुविधा के लिए स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए जा रहे आधुनिक मेटल हैंडीक्राफ्ट सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर मौजूद जीएम एमएचएससी से उन्होंने सेंटर की प्रगति व कार्य आदि के बारे में विस्तार से चर्चा की। सुविधाओं व समस्याओं आदि के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
इसके बाद वह सीधे पद्मश्री दिलशाद हुसैन के मोहल्ला मकबरा-2 केत वाली मस्जिद स्थित आवास पहुंच दिलशाद हुसैन से मुलाकात की। उनसे शहर के हस्तशिल्पकारों को लेकर चर्चा की। दिलशाद हुसैन द्वारा तैयार किया जाने वाला मटका प्रधानमंत्री को भा चुका है जिसे वह जर्मन चांसलर को गिफ्ट कर चुके हैं। विकास आयुक्त ने उस मॉडल का मटका दिखाने को कहा। इस पर दिलशाद हुसैन ने उन्हें उस मॉडल का मटका भी दिखाया। जिसे देख वह काफी खुश हुईं तथा दिलशाद हुसैन की कलाकारी की मुक्त कंठ से सराहना भी की। विकास आयुक्त ने दिलशाद हुसैन द्वारा तैयार कई अन्य उत्पाद भी देखे। इस मौके पर सहायक विकास आयुक्त हस्तशिल्प पुलकित जैन, चमन जहां, ताहिरा खातून समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।