500 से ज्यादा फर्जी आईडी बनाईं
आरोपियों ने युवती और महिला के नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उन पर अश्लील फोटो और मैसेज पोस्ट किए। पीड़िताओं ने परेशान होकर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एक साल में 500 से ज्यादा शिकायतें साइबर सेल में पहुंच चुकी हैं। फेसबुक पर बनाई गई फर्जी आईडी से पैसों की भी मांग की गई है।
युवती से पांच लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर ठगे
गलशहीद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती भी ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। पीड़िता ने गलशहीद थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि 15 दिसंबर 2022 को इंस्टाग्राम पर शादाब उर्फ गुड्डू नाम के युवक से जान पहचान हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बातचीत करने लगा था।
27 सितंबर 2024 को आरोपी युवक उसे शहर के एक होटल में ले गया। आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता का वीडियो बना लिया। वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल किया और उससे पांच लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर ठग लिए।
वीडियो एडिट कर महिला को किया ब्लैकमेल
गलशहीद क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि एक दिन उसके व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई। उस वक्त वह घरेलू काम में व्यस्त थी। उसने बिना सोचे समझे कॉल रिसीव कर लिया। उसने देखा कि सामने वाला व्यक्ति अश्लील हरकतें करने लगा। महिला ने कॉल काट दी। इसके बाद आरोपी ने उसका वीडियो एडिट कर लिया और उसे धमकाने लगा। महिला इतनी डर गई थी कि उसने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया।
ऐसे केसों की कोर्ट में मजबूत पैरवी के लिए अलग से पुलिस टीम का गठन किया गया है। टीम पीड़िताओं के कोर्ट में बयान कराने के साथ ही उनकी काउंसिलिंग भी करती है। आरोपियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत चार्जशीट तैयार की जाती है। इन केसों की बीच-बीच में समीक्षा भी की जाती है। - सतपाल अंतिल, एसएसपी