फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: घोड़े पर बैठकर सपनों की उड़ान भर रहीं बेटियां

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। उत्तराखंड की चार बेटियों ने अपने सपनों को उड़ान देने के लिए कठिन राह चुनी। यह चारों बेटियां दमकल विभाग में भर्ती होने के बाद आंतरिक परीक्षा पास कर घुड़सवार पुलिस का हिस्सा बनीं। शुरुआत में घोड़े दौड़ते हुए नीचे गिरीं और जख्मी भी हुईं, लेकिन न उन्होंने हिम्मत हारी और न हौसला कम हुआ। अब एक अच्छे घुड़सवार की तरह घोड़ों की लगाम अपने हाथ में थामकर उन्हें दाैड़ाने और जंप लगवाने का हुनर सीख चुकी हैं और इनका सपना राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर घुड़सवारी प्रतियोगिता में मेडल जीतने का है।
विज्ञापन

डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी के मैदान पर चल रही घुड़सवारी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम भी प्रतिभाग कर रही है। हालांकि, इस टीम को अंक नहीं दिए जा रहे हैं, लेकिन राज्य स्तर की प्रतियोगिता का अनुभव उत्तराखंड के घुड़सवारों को मिल रहा है। 16 सदस्यों की उत्तराखंड की टीम में चार महिला घुड़सवार दिव्या डांगी, प्रियंका चौहान, नेहा और विनीता भी शामिल हैं।
इनमें प्रियंका और विनीता स्नातक तक पढ़ी हैं, जबकि दिव्या और नेहा परास्नातक हैं। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों की रहने वाली चारों बेटियां 2023 में उत्तराखंड दमकल विभाग में भर्ती हुई थीं। फिर उत्तराखंड में घुड़सवार पुलिस के लिए आतंरिक परीक्षा कराई गई, जिसमें बेटियों को भी माैका दिया गया। इन चारों बेटियों ने आवेदन किया और परीक्षा पास कर घुड़सवार पुलिस का हिस्सा बन गईं।
विज्ञापन

इसके बाद चारों ने देहरादून की पुलिस लाइन में कोच एकलव्य शर्मा के नेतृत्व में ट्रेनिंग शुरू की। महिला घुड़सवारों का कहना है कि उनका सपना था कि वह घोड़े दौड़ाएं। घुड़सवार पुलिस में भर्ती होने के बाद वह कड़ी मेहनत कर उत्तराखंड पुलिस के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना चाहती हैं।

यूपी में एक भी महिला घुड़सवार नहीं
उत्तराखंड घुड़सवार पुलिस में चार महिला शामिल हो गई हैं, लेकिन यूपी में अब तक एक भी महिला घुड़सवार नहीं है। पुलिस अकादमी के आरआई एमटी भगवती दयाल, घुड़सवार एसआई एमटी राज नरेश का कहना है कि यूपी में भी महिला घुड़सवार होनी चाहिए। यहां भी महिलाओं को उत्तराखंड की तरह मौका देना चाहिए।
-
उत्तराखंड में जनवरी में होगी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता
उत्तराखंड घुड़सवार पुलिस के कोच एवं एफईआई शो जंपिंग अफसर एकलव्य शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड के देहरादून में अगले साल 15 जनवरी से राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता शुरू होगी। जिसमें घुड़सवारी को शामिल किया गया है। इसके लिए उत्तराखंड की टीम को तैयार किया जा रहा है। मुरादाबाद में चल रही प्रतियोगिता में एकलव्य शर्मा निर्णायक मंडल में हैं। वह अपनी टीम को लेकर आए हैं और टीम के सदस्य अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। सीनियर घुड़सवारों से उन्हें बहुत सीखने को मिल रहा है, जिससे उनके प्रदर्शन में और सुधार होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें