घरेलू काम को लेकर मां से झगड़ा होने के बाद इंटर की छात्रा ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन से कटकर छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। छात्रा की लाश रेल ट्रैक पर पड़ी मिली। पुलिस ने छानबीन की तो उसकी शिनाख्त सिरकोई भूड़ निवासी सपना के रूप में हुई। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम को भेज दी है।
हालांकि परिजनों का कहना है कि छात्रा ने आत्महत्या नहीं की है बल्कि वह फकीरपुरा जाते वक्त अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई। मूल रूप से बिहार निवासी महेंद्र सिंह मझोला थाना क्षेत्र में कांशीराम नगर से सटे सिरकोई भूड़ में किराए पर रहते हैं। उनकी बेटी सपना (17) कक्षा बारह की छात्रा है।
पुलिस के मुताबिक दोपहर में करीब दो बजे सपना का अपनी मां से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। मां ने बेटी को डांटा तो वह मर जाने की बात कहकर घर से निकल गई। मां की डांट से क्षुब्ध सपना चंद कदमों की दूरी पर रेलवे ट्रैक पहुंची। दोपहर में करीब पौने तीन बजे जैसे ही उधर से ट्रेन गुजरी सपना ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने जब तक कोशिश की तब तक देर हो चुकी थी। ट्रेन से कटकर छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।