मजबूर बेटी बेसहारा बुजुर्ग पिता को जिंदा रहते घर नहीं रख पाई और मरने के बाद भी शव घर नहीं आ सका। हर ओर से बेसहारा और अशक्त पिता ने रैनबसेरे में दम तोड़ दिया। मौत की खबर पाकर रोती-बिलखती बेटी अपने पति के साथ रैनबसेरे पहुंची। दामाद वहीं से कुछ लोगों के साथ ससुर का अंतिम संस्कार करने तिगरी धाम ले जा रहा था तभी किसी ने बुजुर्ग की ठंड से मौत की शिकायत कर दी। डीएम उमेश मिश्र ने शव को रास्ते से लौटाकर उसका पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद बुजुर्ग के शव की अंत्येष्टि की संभावना है।
मोहल्ला अट्टा मंडी धनौरा निवासी भजन लाल वर्मा (65) ने सोमवार लगभग साढ़े सात बजे सुबह लावारिस हालत में रैनबसेरे में दम तोड़ दिया। किसी तरह सूचना पाकर भजन लाल की बेटी ऊषा और दामाद राजेश वर्मा वहां पहुंचे तो मजबूरी की दास्तां सामने आई। उनका कहना था कि चाहने के बाद भी वे भजन लाल को अपने साथ घर पर नहीं रख पाए।
बीमारी के चलते मकान मालिक और आसपास के लोगों ने पिता को घर में रखने के लिए मना किया था। उनके दबाव के चलते पिता के शव को भी घर नहीं ले जा सकते। गजरौला पालिका के ईओ बिजेंद्र पाल ने बताया कि भजन लाल कमजोर और बीमार थे, रैनबसेरे में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह ने पोस्ट मार्टम के बाद मौत की वजह बताने की बात कही है।