मुरादाबाद। कंपोजिट स्कूल दांग में बृहस्पतिवार को चोरों ने टोटियां चोरी कर दीं। इसकी शिकायत प्रधानाध्यापिका ने खंड शिक्षा अधिकारी से की है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।
बृहस्पतिवार को निर्धारित समय पर स्कूल खुलने पर 39 बच्चे पढ़ने के लिए पहुंचे थे। जब प्रधानाध्यापिका विद्यालय पहुंची तो उनको शौचालय का ताला टूटा हुआ मिला। ताला वहीं बाहर पड़ा हुआ था। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सभी टोटियां गायब थीं और पानी बह रहा था। यहां तक कि चोरों ने यूनिरल पॉट भी तोड़ दिए थे। इसकी वजह से विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई। प्रधानाध्यापिका नमिता गुप्ता ने बताया कि 22 जून से स्कूल साफ-सफाई के लिए खोला गया था। 24 जून तक वह सही सलामत स्कूल को बंद करके गई थीं, लेकिन बृहस्पतिवार को ताले टूटे हुए मिले। सूचना पर पुलिस और विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले में जांच की।
19 मई को ठीक करवाए थे तार, छुट्टियों में तोड़े
नमिता गुप्ता ने बताया कि विद्यालय में स्मार्ट सिटी के मिशन कायाकल्प के तहत सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं। चोरों ने कैमरे के तार तोड़ दिए थे। इसकी वजह से 19 मई को कैमरे के तार सही करवाए थे। इसी बीच छुट्टियों के दौरान चोरों ने सीसीटीवी के तार तो तोड़े ही, साथ ही सोलर पैनल के तार भी चोरी कर लिए।
बाउंड्री बनवाने के लिए नगर निगम में दिया प्रार्थना पत्र
शिक्षकों और अधिकारियों का कहना है कि स्कूल के पीछे की तरफ की बाउंड्री की ऊंचाई कम है। इसकी वजह से असामाजिक तत्व आसानी से परिसर में दाखिल हो जाते हैं। इस बाउंड्री को ऊंचा करवाने के लिए नगर निगम में प्रार्थना पत्र भी दिया गया है। नमिता गुप्ता ने कहा कि बाउंड्री बनना बहुत जरूरी हो गया है। ऊंचाई कम होने के अलावा यह बाउंड्री हिलती भी है। इसकी वजह से बारिश के दौरान इसके गिरने की भी आशंका है।
वर्जन...
असामाजिक तत्व स्कूल पहुंचकर चोरी करने के अलावा स्कूल को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। पहले मामलों में पुलिस जांच कर रही है। इस मामले की शिकायत भी शिक्षिका द्वारा पुलिस में की जाएगी। विभाग द्वारा जांच में सहयोग किया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद घटना का खुलासा हो सकेगा।
अमित सिंह, बीएसए