मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए बयान के चलते भरतीय वाल्मीकि धर्म समाज के कार्यकर्ताओं ने नगर के हनुमान मंदिर पर पहुंच कर घंटे घड़ियाल बजाकर पूजा अर्चना की और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
सूचना से पुलिस प्रशासन सहित मंदिर कमेटी सदस्यों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षो को वार्ता के लिए कोतवाली बुला लिया गया। भावाधस कार्यकर्ताओ ने एसडीएम व सीओ को ज्ञापन सौंपकर हनुमान मंदिर ट्रस्ट कमेटी में आरक्षण के रूप में तीन वाल्मीकि समुदाय के लोगों का नाम शामिल करने को ज्ञापन सौंपा।
शनिवार की दोपहर भावाधस के प्रांतीय महासचिव दीप सिंह रही के नेतृत्व में कार्यकर्ता व वाल्मीकि समुदाय के लोग नगर के मुख्य बाजार हिन्दू समाज कल्याण धर्मशाला स्थित हनुमान मंदिर पर पहुंचे और घंटे घड़ियाल बजाकर पूजा अर्चना शुरू कर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। मंदिर पर वाल्मीकि समाज द्वारा कब्जा कर लिए जाने की सूचना मंदिर ट्रस्ट कमेटी के सदस्यों व पुलिस को लगी तो हड़कंप मच गया।
सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाल इंद्रेश सिंह मंदिर पहुंच गए और भावाधस कार्यकर्ताओं व मंदिर कमेटी के सदस्यों को किसी विवाद के चलते दोनों पक्षो को वार्ता के लिए कोतवाली बुला लिया और मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। जिसके बाद उपजिलाधिकारी लालता प्रसाद शाक्य, पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल कुमार, तहसीलदार संजय सिंह भी कोतवाली पहुंच गए।
इस दौरान भावाधस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के बयान का हवाला देते हुए मौजूद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। जिसमें हनुमान मंदिर ट्रस्ट में वाल्मीकि समाज के तीन लोगों को शामिल किए जाने की मांग रखी। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर कमेटी के सदस्यों से भावाधस द्वारा रखी गई मांग के बारे अवगत कराया।