जाम, हंगामा, दहशत और परेशानी के नाम रहा सोमवार का दिन। एससीएसटी एक्ट के तहत सुप्रीम कोर्ट के तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ सोमवार को भारत बंद का एलान किया गया। मुरादाबाद में सोमवार सुबह से ही दलित संगठनों ने सड़कों पर जुलूस निकाले और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दूसरे शहरों में लोगों के ट्रैक पर आने की वजह से यहां मुरादाबाद में सवा दस बजे से ही ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। लोग हंगामा और नारेबाजी करते हुए अंबेडकर पार्क में एकजुट हुए। यहां दलित संगठनों के नेताओं ने संबोधित किया और सरकार के खिलाफ आंदोलन का एलान किया। इसके बाद लोगों ने शहर में रैली निकाली और कपूर कंपनी से रेलवे स्टेशन पर स्टार्टिंग सिग्नल के पास पहुंच गए और ट्रैक पर कब्जा लिया।
डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि लोगों के ट्रैक पर आने की वजह से ट्रेनों को जहां तहां रोक दिया गया था। मुरादाबाद में सवा चार बजे तक लोग ट्रैक पर मौजूद रहे। लोगों के हटने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। मुरादाबाद रेल मंडल में 45 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।