मुरादाबाद। साइबर ठगों ने जीजा से ठगी गई 25 हजार की रकम लौटाने के बहाने से 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद में ट्रेनिंग कर रहे युवक के खाते से तीन बार में 70 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है।
मेरठ जनपद के मवाना रोड नंगली आजमाबाद निवासी कपिल देव पीएसी में रिक्रूट आरक्षी है। उसकी ट्रेनिंग 23वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद में चल रही है। पीड़ित की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में साइबर ठगी का केस दर्ज किया गया है। रिक्रूट आरक्षी ने पुलिस को बताया कि साइबर ठगों ने पहले उसके जीजा के खाते से 25 हजार 600 रुपये उड़ाए थे। उसके जीजा ने जालसाजों से फोन पर बात की तो साइबर ठग ने कहा किसी का गूगल पे या फोन पे नंबर दे दो तो वे ठगी गई रकम उसके द्वारा बताए गए नंबर पर डाल देगा। कपिल देव के हामी भरने पर उसके जीजा ने उसका व्हाट्सएप नंबर साइबर ठगों को दे दिया। इसके बाद साइबर ठग ने पीड़ित के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा, जिसे खोलने पर रिक्रूट आरक्षी के खाते से तीन बार में 70 हजार 700 रुपये निकल गए। ठगी का अहसास होने पर उसने अपना एटीएम कार्ड बंद करा दिया। साथ ही सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।