मुरादाबाद। मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा स्थित पीएनबी की शाखा में 80 लाख रुपये का घपला सामने आया है। आरोप है कि बैंक मित्र ने ही एक खाताधारक के खाते से 80 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। बैंक अधिकारियों को इसकी भनक लगी तो हड़कंप मच गया। उन्होंने बैंक मित्र के खाते से रकम निकासी पर रोक लगा दी है।
ठाकुरद्वारा कोतवाली के सामने पीएनबी की शाखा है। इस शाखा में ठाकुरद्वारा के नई बस्ती बहेड़ा वाला निवासी रियाज अहमद बैंक मित्र है। वह पिछले तीन साल से इसी शाखा में बैंक मित्र है। ब्रांच के सामने ही रियाज ने अपना दफ्तर भी खोल रखा है। आरोपी रियाज खाता धारकों के रुपये जमा कराने और निकालने का कार्य करता है तथा उसका बैंक में आना जाना है। छह अक्तूबर को प्रबंधक छुट्टी पर थे। सहायक प्रबंधक पर कामकाज था। सहायक प्रबंधक कार्यालय में नहीं थे, इसी का फायदा उठाकर आरोपी रियाज उनके केबिन में पहुंच गया और उनके कंप्यूटर से भोपाल की एक कंपनी के खाते से 80 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। उन्होंने इस मामले की जानकारी ठाकुरद्वारा पुलिस को दी। घपला एक लाख से अधिक का होने पर बैंक अधिकारियों को साइबर अपराध थाने भेज दिया गया है। प्रबंधक मसरूर अहमद खान की ओर से साइबर थाने में आरोपी रियाज के खिलाफ तहरीर दी गई। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
---
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुला भेद
मुरादाबाद। कंपनी के खाते से 80 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिलने पर अधिकारियों के होश उड़ गए। सब अचंभित थे कि यह कैसे हो गया तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। तब पता चला कि तीन दिन पहले बैंक मित्र रियाज बैंक आया था। उस वक्त प्रबंधक अपने केबिन से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपी केबिन में पहुंच गया और उनके कंप्यूटर से उनकी आईडी का इस्तेमाल करते हुए रकम अपने खाते में ट्रांसफर की है।
दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी रकम
मुरादाबाद। बैंक मित्र ने शातिरता दिखाई है। उसने अपने खाते में रकम लेने के बाद करीब 20 लाख रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए हैं। ये खाते भी बैंक मित्र और उसके परिजन व अन्य लोगों के हैं। बैंक अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। जिसके बाद रियाज के खाते से रकम निकासी पर रोक लगा दी गई।
आरोपी से की जा रही पूछताछ
मुरादाबाद। गुरुवार को बैंक में जब अधिकारियों को एक खाते से 80 लाख रुपये निकल जाने की जानकारी हुई तो आरोपी अपना दफ्तर बंद कर भाग गया। इसके बाद बैंक कर्मचारी व अधिकारी उसकी तलाश में जुट गए। पूरे दिन बैंक कर्मचारियों ने बैंक मित्र रियाज के घर की घेराबंदी की। देर शाम को बैंक मित्र उनके हत्थे चढ़ गया। इसके बाद वह वह लेकर सर्किल आफिस चले गए। बताया जा रहा है कि महाप्रबंधक भी आरोपी बैंक मित्र से पूछताछ कर रहे हैं।