मुरादाबाद। एक व्यापारी के खाते से साइबर ठग ने रुपये उड़ा लिए। व्यापारी ने अपने परिचित दूसरे व्यापारी को बताया तो उसने ठगों के नंबर पर कॉल की तो उसके खाते से भी रुपये उड़ा लिए गए। दोनों ने एक तीसरे व्यापारी को जब ये बात बताई तो उसने भी ठगों के नंबर पर कॉल कर डाली और अपने खाते से रुपये उड़वा बैठे। मामला पाकबड़ा क्षेत्र का है। तीनों व्यापारियों के खातों के कुल 51 हजार रुपये की ठगी की गई है। पीड़ितों ने पाकबड़ा थाने में तहरीर दी है। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर रही है।
संभल जनपद के नखासा थानाक्षेत्र के शाहपुर चमरान निवासी इकबाल हुसैन की परचून की दुकान है। वह पाकबड़ा से परचून का सामान खरीदकर ले जाते हैं। इकबाल ने बताया कि उन्होंने गूगल पे एप डाउन लोड किया था। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह गूगल पे एप से बोल रहा है। कंपनी की ओर से उन्हें 4999 रुपये का इनाम मिला है। साइबर ठग ने इकबाल को झांसे में लेकर उनसे ओटीपी पूछ लिया। इसके बाद इकबाल के खाते से तीस हजार रुपये निकल गए। इकबाल ने इसकी जानकारी पाकबड़ा निवासी परचून व्यापारी स्पर्श गुप्ता को दी थी। तब स्पर्श गुप्ता ने उस नंबर पर कॉल की। जिस नंबर से इकबाल के पास कॉल आई थी। सामने वाले ने कहा कि इकबाल के खाते में रकम नहीं पहुंच पा रही है। स्पर्श से भी ठग ने ओटीपी नंबर पूछ कर उनके खाते से भी छह हजार रुपये उड़ा लिए। स्पर्श ने इसकी जानकारी शुभम गुप्ता को बताई। शुभम गुप्ता ने उस नंबर पर कॉल की तो उन्हें भी साइबर ठग ने झांसे में ले लिया और पंद्रह हजार रुपये निकाल लिए। पाकबड़ा थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है।