युवक के खाते से ट्रांसफर करा लिए 50 हजार रुपये
सिविल लाइंस के हरथला निवासी इमरान को उसके एक परिचित के नाम से मैसेज आया और उसके साथ एक शादी का डिजिटल कार्ड था। उसने आरोपी पर विश्वास कर उस कार्ड को डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उसका मोबाइल हैक हो गया और उसके खाते से तीन बार में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए हैं। एक बार में 20 हजार और दो बार में 15-15 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।
मोबाइल हैक कर रिश्तेदारों से मांगी रकम
मझोला के काशीनगर नगर निवासी दीपक कुमार को किसी ने व्हाट्सएप पर डिजिटल शादी का कार्ड भेजा था। दीपक ने जैसे ही क्लिक किया। इसके बाद उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उसके नंबर से उसके रिश्तेदारों और परिचित को मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की।
जन्मदिन में बुलाने के लिए भेजा डिजिटल कार्ड
भोजपुर निवासी रमेश सिंह को किसी ने व्हाट्सएप पर जन्मदिन पार्टी में बुलाने के लिए डिजिटल कार्ड भेज दिया। जिसमें बताया गया कि सपरिवार आना है। रमेश ने जैसे ही कार्ड क्लिक किया। उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके एक रिश्तेदार से 10 हजार रुपये की मांग की।
रिश्तेदार ने उन्हें कॉल की तो सच्चाई सामने आ गई। साइबर एक्सपर्ट प्रशांत कुमार का कहना है कि व्हाट्सएप पर आए डिजिटल निमंत्रण पत्र को खोलने से पहले भेजने वाले की पहचान जरूर करें। किसी परिचित के नाम से संदिग्ध लिंक आए तो उसे फोन करके पुष्टि करें। अनजान स्रोत से आई एपीके फाइल बिल्कुल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
जल्दबाजी पड़ सकती है भारी
साइबर एक्सपर्ट मनीष गोयल का कहना है कि शादी के सीजन में लोग रोजाना कई निमंत्रण पत्र प्राप्त करते हैं। ऐसे में बिना जांचे-परखे लिंक खोलने की आशंका बढ़ जाती है। जन्मदिन, सालगिरह, गृह प्रवेश और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के नाम पर भी इसी तरह के संदेश भेजे जा रहे हैं। ऐसे निमंत्रण पत्र क्लिक करने से पहले पूरी जांच पड़ताल कर लें।