प्रधान डाक घर में फार्म जमा करने के लिए लगी कतार ।
- फोटो : अमर उजाला
बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ अभियान के तहत मुआवजे की अफवाह रुकने की बजाए फैलती ही जा रही है। डाकघर में सोमवार को हजारों की संख्या में लोग मुआवजे के लिए रजिस्ट्री करने पहुंचे। यहां रजिस्ट्री काउंटर से लेकर जेल रोड तक लंबी लाइन लगी रही।
तीस जनवरी से फैली अफवाह ने सोमवार को रिकार्ड तोड़ दिया। डाकघर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मुआवजे के लिए फॉर्म की रजिस्ट्री कराने के लिए हजारों लोेग पहुंचे। लोग डाकघर खुलते ही लाइनों में लगने शुरू हो गए थे। कुछ ही समय बाद लाइन इतनी लंबी हो गई की जेल रोड पर जाम की स्थिति बन गई।
रोड पर लाइन में लगे लोगों के कारण वाहन को आने जाने में दिक्कत हुई। वहीं सोमवार को रजिस्ट्री का एक काउंटर बंद रहा। इस दिन दो ही काउंटर पर रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट के काउंटर खुले रहे। बावजूद इसके 15 सौ से अधिक लोगों ने फॉर्म की रजिस्ट्री कराई।
बता दें कि तीस जनवरी को यह अफवाह फैली की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटियों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए एक फॉर्म भरकर भारत सरकार महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नई दिल्ली के नाम रजिस्ट्री करनी है। इसके बाद लोगों ने सौ-सौ रुपये में फॉर्म खरीद कर रजिस्ट्री कराई। फॉर्म बेचने वालों में कुछ पार्षद भी शामिल थे। इसके बाद फार्म स्टेशनरी की दुकानों पर पांच से दस रुपये में बिकने लगे।