जनसेवा एक्सप्रेस की डकैती अंजाम देने वाले अभियुक्त
- फोटो : अमर उजाला
जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों को लूटकर टायलेट में बंद करने वाले दो बदमाशों को जीआरपी मुरादाबाद ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। 27 मार्च को जनसेवा एक्सप्रेस में हुई लूट के बाद गठित की गई टीम ने इन बदमाशों को कटघर रामगंगा पुल के नजदीक से पकड़ा। पकड़े गए बदमाश ट्रेनों में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
जीआरपी ने कटघर स्टेशन पर रामगंगा पुल के नजदीक गश्त के दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा था। पूछताछ में बताया कि दोनों ट्रेन में लूट को अंजाम देने के लिए रुके थे। उनके तीन साथी भागने में सफल रहे।
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम मोहित पटेल निवासी मोहल्ला असदुल्ला कस्बा व थाना मिलक जिला रामपुर और सचिन गुप्ता निवासी मोहल्ला शांति विहार सिटौरा रोड थाना सुभाषनगर बरेली बताया।
उन्होंने बताया कि 27 मार्च 2016 को जनसेवा एक्सप्रेस में तीन और साथियों रणवीर उर्फ बबलू निवासी मोहल्ला नेकपुर बरेली नीलू गुप्ता और सोनू गोसाई के साथ चने बेचने के बहाने बरेली से चढ़े थे। ट्रेन चलने के 15 मिनट बाद यात्रियों से लूटपाट कर उन्हें टायलेट में बंद कर दिया था और शाहजहांपुर में उतरकर भाग गए थे।
घटना की रिपोर्ट दिनेश मोची निवासी बेगूसराय सहित 12 लोगों ने सीतापुर में लिखाई थी। इस घटना में बरेली के साथ ही जीआरपी थाना प्रभारी अयूब हसन के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। जीआरपी मुरादाबाद ने दो बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
जेल से छूटने के तुरंत बाद दिया घटना को अंजाम
गिरफ्तार किया गया मोहित पटेल जनवरी 2016 में जेल से छूटा है। वर्ष 2014 में वह कर्मभूमि एक्सप्रेस में लूट के आरोप में जेल भेजा गया था। मोहित पटेल इससे पहले कर्मभूमि और पुरबिया एक्सप्रेस में कई बार वारदात कर चुका था।
जेल से छूटने के बाद फिर से गिरोह बनाने के बाद जनसेवा एक्सप्रेस में लूट को अंजाम दिया। उस पर 10 ट्रेन डकैती सहित शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर थाने में गैंगस्टर सहित 15-16 मुकदमे दर्ज हैं।