मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर मंगलवार को नगरिया मिलक में गोरखपुर-अमृतसर जनसाधारण सुपर फास्ट टूटी पटरी से निकल गई। पटरी चटकने की जानकारी होने पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। मरम्मत के बाद ट्रेनों को धीमी गति से निकाला गया। इस दौरान नौचंदी एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनें बीच में खड़ी रहीं।
जनसाधारण सुपर फास्ट मंगलवार को गोरखपुर से अमृतसर जा रही थी। ट्रेन सुबह 7.22 बजे बरेली-रामपुर के बीच नगरिया मिलक से गुजर रही थी, तभी लोको पायलट को तेज झटका लगा। लोको पायलट को रेल फ्रै क्चर की आशंका हुई, जिसपर सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना पर पहुंची पीडब्ल्यूवाई टीम को पटरी टूटी मिली।
इसके बाद ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया। पैंतीस मिनट बाद 8.5 बजे ट्रैक दुरुस्त कर ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया। इस दौरान हावड़ा जैसलमेर सुपर फास्ट, नौचंदी एक्सप्रेस और बाघ एक्सप्रेस प्रभावित रही।