सीमा हत्याकांड में इस्तेमाल बरामद न कर पाने पर पुलिस को फटकार, आरोपी को जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। पुलिस सीमा हत्याकांड में आरोपी अनिल उर्फ बंटी चुघ से चौथी बार रिमांड में भी हत्या में प्रयुक्त औजार व हथियार बरामद नहीं सकी और एक दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश कर दिया। कोर्ट ने पुलिस की रिमांड के दौरान कार्रवाई पर नाराजगी जताई और कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू करने की बात कही है।
थाना शहर पुलिस ने गीता कॉलोनी निवासी सीमा के हत्यारोपी सेक्टर-13/17 निवासी अनिल उर्फ बंटी चुघ को एक दिन के रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पूूरे मामले में रिमांड के दौरान आरोपी से रिकवरी की रिपोर्ट ली। पुलिस ने रिमांड के दौरान स्कूटी, मोबाइल व कपड़े बरामद करने का दावा पेश किया। अपुष्ट सूत्र के अनुसार कोर्ट ने इस रिकवरी को पूरे मामले में नाकाफी बताया। कोर्ट का कहना है कि पुलिस को आरोपी की चौथी बार रिमांड लेने में भी कुछ खास बरामदगी नहीं हो पाई। कोर्ट ने इसके बाद आरोपी अनिल उर्फ बंटी चुघ को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं सीमा की गीता कॉलोनी स्थित गीता मंदिर में रस्म क्रिया की गई। शहर के कई मोजिज लोगों ने रस्म क्रिया में शामिल होकर दुख प्रकट किया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
यह है मामला
विदित है कि गीता कॉलोनी निवासी हार्डवेयर एवं पेंट्स व्यापारी दीपक मुखीजा की पत्नी सीमा (42) की वीरवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे हत्या कर दी थी। प्राथमिक दृष्टता में हत्या गोली मारने से मानी गई थी। पुलिस ने सीमा के देवर के बयान पर तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। परिजनों के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर घर की डोरबेल बजाई और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर गोली मारकर काले रंग की स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गया, जबकि उसके दो साथी पैदल ही असंध रोड की तरफ फरार हो गए थे। परिजनों के अनुसार उस वक्त घर में पूर्व नौकरानी ललीता घर की सफाई कर रही थी और उसकी लड़की सानिया अपने कमरे में गाने सुन रही थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था और शव का पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम कराया था। इधर, अनिल उर्फ बंटी चुघ के परिजनों ने उसको सोमवार रात को ही पुलिस के सामने सरेंडर करा दिया था।
गीता कॉलोनी निवासी सीमा के हत्यारोपी अनिल उर्फ बंटी चुघ को एक दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेत दिया। पुलिस इस मामले में आगे भी जांच कर रही है। पुलिस चालान के दौरान पूरे मामले की रिपोर्ट रखेगी।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।