मझोला पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के आरोपी में मंगलवार को 11वीं के एक छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी का चालान कर उसको राजकीय किशोर संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
एसएचओ मझोला हरीशचंद्र जोशी ने बताया कि रेलवे के एक कर्मचारी की बेटी (15) दसवीं कक्षा की छात्रा है। आरोप है कि 11वीं कक्षा का एक छात्र कई दिनों से छात्रा का पीछा करता था। दो दिसंबर को छात्रा घर से पार्क जा रही थी तो आरोपी ने उसका पीछा किया और उससे छेड़खानी की। छात्रा ने विरोध जताया तो आरोपी मौके से भाग गया।
छात्रा के परिजनों ने इस संबंध में आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही थी। मंगलवार को एक सूचना पर उसे कालोनी से गिरफ्तार कर लिया गया। दोपहर को उसका चालान कर राजकीय किशोर संप्रक्षेण गृह भेज दिया गया है। उधर, पुलिस हिरासत में छात्र ने बताया कि उस पर झूठा आरोप लगाया गया है।
छात्र का दावा है कि छात्रा उसकी दोस्त है। उसने सुसाइड की धमकी देकर मिलने के लिए बुलाया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि छात्रा ने आरोपी के दावों को नकारा है।