फ्रूटी पिलाने के बहाने यूकेजी की छात्रा (5) से बुधवार को मझोला की एक कालोनी में रहने वाले युवक ने दरिंदगी की। विरोध जताने पर छात्रा को थप्पड़ मारे और हाथ से मुंह भींचकर उसकी चीखें दबा दी। लहूलुहान छात्रा घरपहुंची तो परिजनों को जानकारी हुई।
परिजनों ने आरोपी को उसके घर में पकड़कर पीटा और कमरे में बंद कर दिया, इस दौरान कमरे की खिड़की से कूदकर वह भाग गया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने रेप की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। छात्रा को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मझोला की एक कालोनी में मजदूर का परिवार रहता है। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। मजदूर की बेटी यूकेजी की छात्रा है। उसने परिजनों को बताया कि बुधवार दोपहर वह घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान प्रमोद (30) उसे फ्रूटी पिलाने के बहाने अपने घर के अंदर ले गया और दरिंदगी की।
छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर मामले की शिकायत परिजनों से न करने को कहा। वारदात से छात्रा सहम गई। वह लहूलुहान हालत में घर पहुंची तो परिजनों ने पूछताछ की। छात्रा ने आरोपी की करतूत के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने आरोपी को उसके घर जाकर पकड़ लिया और पीटा।
इसके बाद उसे कमरे में बंद कर दिया, मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी कमरे के अंदर लगी खिड़की के जरिए मौके से भाग गया। एसएचओ मझोला आरके नागर ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
आरोपी मजदूर है, वह शराब का आदी भी बताया जा रहा है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।