दिल्ली के निर्यातक से उसके पार्टनर ने 88 लाख रुपये हड़प लिए। निर्यातक ने अपनी रकम मांगी तो उसे धमकी दी गई। उसने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। मूलरूप से अमरोहा के जोया निवासी जावेद पाशा दिल्ली के दिलशाद गार्डन में रहते हैं। उनका पीतल एक्सपोर्ट का कारोबार है।
जावेद ने बताया कि उन्होंने जिगर कालोनी निवासी एक निर्यातक के साथ अप्रैल माह में पीतल एक्सपोर्ट का कारोबार शुरू किया था। निर्यातक की पत्नी के नाम पर फर्म पंजीकृत है। विदेश भेजे गए माल की पेमेंट फर्म के एकाउंट पर ही आई थी।
उन्होंने बताया कि दो बार में करीब दो करोड़ रुपये की पेमेंट आई थी। जिसमें से करीब 88 लाख रुपये पार्टनर ने दबा लिए हैं। जावेद ने अपनी रकम मांगी तो उन्हें धमकाया गया। जावेद ने इस मामले की शिकायत एसएसपी नितिन तिवारी से की।
एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को सिविल लाइंस थाने बुलाया। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि शिकायत आई थी। जांच कराई जा रही है।