एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद और उनकी पत्नी को गोलियों से छलनी करने वाले कुख्यात शूटर मुनीर ने अलीगढ़ पुलिस के एक खुलासे पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। तंजील हत्याकांड की इंवेस्टीगेशन रिपोर्ट में दर्ज मुनीर के बयान पर यकीन करें तो अलीगढ़ में तीन साल पहले पेट्रोलपंप पर हुई सनी की हत्या उसने की थी। मुनीर ने दावा किया है कि हत्या उसने की थी लेकिन अलीगढ़ पुलिस ने हत्या का फर्जी खुलासा करके अरुण नाम के युवक को जेल भेज दिया।
तंजील हत्याकांड की इंवेस्टीगेशन रिपोर्ट में दर्ज अपने बयान में दो लाख के इनामी कुख्यात शूटर मुनीर ने कहा है कि वर्ष 2013 में उसने अलीगढ़ में सिविल लाइंस एरिया में पेट्रोल पंप पर सनी नाम के युवक की गोली मारकर हत्या की थी।
मुनीर ने बयान में कहा है कि सनी से उसकी कोई रंजिश नहीं थी, बस पेट्रोल डलवाने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद उसे गुस्से आया और उसने अंटी से 32 बोर की रिवाल्वर निकालकर उसे गोली मार दी।
मुनीर ने अपने बयान में कहा है कि सनी हत्याकांड में पुलिस ने शक की बुनियाद पर एक बार उसे पकड़ लिया था। लेकिन पूछताछ में पुलिस उससे कुछ उगलवा नहीं सकी और फिर निर्दोष मानकर छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मुनीर का ये गुनाह अरुण नाम के युवक के सिर पर मढ़ दिया और सनी की हत्या के आरोप में उसे जेल भेज दिया। मुनीर ने अपने बयान में दावा किया है कि अरुण बेगुनाह है, हत्या उसने की थी।