सिविल लाइंस एरिया में जेल के पीछे स्थित अशोक नगर मोहल्ले में बुधवार को सरेशाम चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने किराना व्यापारी से पचास हजार रुपये लूट लिए। वारदात व्यापारी के घर के दरवाजे पर हुई। लुटेरों ने व्यापारी के नौ वर्षीय बेटे की कनपटी पर तमंचा सटाया और गोली मारने की धमकी देकर रकम छीन ले गए।
अशोक नगर निवासी अतुल कत्याल पुत्र सोमनाथ कत्याल की अमरोहा गेट पर किराना की दुकान है। रोज की तरह बुधवार को भी वह रात करीब आठ बजे दुकान से घर लौटे थे। बाइक से घर पहुंचे अतुल ने बाइक दरवाजे पर खड़ी करके घर के दरवाजे पर दस्तक दी, इतने में वहां दो बाइकों पर सवार चार लोग आ धमके।
चारों ने नकाब पहना था। इससे पहले कि अतुल कुछ समझ पाते उनके नौ वर्षीय बेटे अंशु कत्याल ने घर का दरवाजा खोल दिया। व्यापारी के घर का गेट खुलते ही चारों नकाबपोश बदमाश तेजी से लपके और व्यापारी व उनके बेटे अंशु की कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
अचानक हुए इस हमले से व्यापारी के होश फाख्ता हो गए। लुटेरों ने बच्चे को गोली मारने की धमकी देकर व्यापारी से रुपयों भरा बैग छीन लिया। बैग में पचास हजार रुपये और कुछ दूसरा सामान था। महज दो मिनट से भी कम वक्त में वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए।
लुटेरों के जाने के बाद व्यापारी ने शोर मचाया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने सर्च आपरेशन चलाया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस बीपी सिंह बालियान ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करके लुटेरों की तलाश की जा रही है।