सरेआम भीड़ भरी सड़क पर बाइक से स्टंट करना दो छात्रों को महंगा पड़ गया। जब ये छात्र अपनी और वहां से गुजर रहे बाकी लोगों की जान खतरे में डालकर स्टंट कर रहे थे ठीक उसी वक्त एसएसपी नितिन तिवारी की गाड़ी उधर से गुजर रही थी। एसएसपी ने गाड़ी रुकवाई और अपनी एस्कार्ट जिप्सी से दोनों छात्रों को मय बाइकों के सिविल लाइंस थाने भिजवा दिया।
पीली कोठी चौराहे पर बाइकों से स्टंट कर रहे दोनों युवक बारहवीं के छात्र थे। पुलिस ने दोनों के परिजनों को थाने बुलवाया। बाइक का चालान कर दिया गया। एसएसपी के निर्देश पर छात्रों को डांट डपट करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। छात्रों के भविष्य के मद्देनजर उन्हें छोड़ दिया गया। लेकिन हिदायत दी गई है कि यदि दोबारा से ऐसी हरकत की तो जेल जाना होगा।