मूंढापांडे ब्लाक से ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ रहे डिश संचालक ललित कौशिक ने कुंदरकी विधायक हाजी रिजवान और उनके बेटों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोर्ट के आदेश पर यह रिपोर्ट भगतपुर थाने में दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में ललित कौशिक का आरोप है कि कुंदरकी विधायक ने अपने दो बेटों व तीन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उनसे 22 हजार रुपये छीन लिए। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दीनदयाल फेस टू निवासी केबल संचालक ललित कौशिक ने एफआईआर में कुंदरकी के सपा विधायक हाजी रिजवान निवासी डोमघर कुंदरकी, विधायक के बेटों उवैस उर्फ कल्लन व जुबैर को नामजद किया है।
तीन लोग अज्ञात बताए गए हैं। एफआईआर में डिश संचालक ने आरोप लगाया है कि वह बीडीसी मेंबर हैं और मूंढापांडे ब्लाक से प्रमुख का चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव के सिलसिले में 23 जनवरी को वह भगतपुर से आ रहे थे तभी करीब साढ़े ग्यारह बजे परशुराबाजे गांव के पास स्कार्पियो सवार विधायक और उनके बेटों व साथियों ने उनके साथ घटना की।
रिपोर्ट में आरोप है कि विधायक और उनके हथियारबंद साथियों ने कार से उतारकर धमकाया और जेब में रखे 22 हजार रुपये छीन ले गए। आरोप है कि क्षेत्र में दिखाई देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। ललित कौशिक ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। एसओ भगतपुर अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर विधायक और उनके बेटों के खिलाफ डकैती व धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।
"आरोप हास्यास्प्रद, सरासर बेबुनियाद और झूठे हैं। दरअसल इसके पीछे ब्लाक प्रमुख का चुनाव है। ललित कौशिक मूंढापांडे से ब्लाक प्रमुख का चुलाव लड़ रहे हैं। हमारा कैंडिडेट भी वहां से चुनाव लड़ रहा है। हमारे कैंडिडेट की लोकप्रियता के चलते उन्हें अपनी भावी हार का अहसास हो चला है और उसी खिसियाहट में ऐसे ऊलजलूल आरोप लगा रहे हैं। जिस दिन की घटना बताई है उस दिन मैं और मेरे बेटे उस क्षेत्र में गए भी नहीं।"
-हाजी रिजवान, सपा विधायक कुंदरकी।