गुड़गांव स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब कर रहे मुरादाबाद के इंजीनियर ने सिविल लाइंस थाने में अपनी पत्रकार पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंजीनियर का आरोप है कि शादी के दो साल बीतने के बावजूद पत्नी उसे पति मानने को तैयार नहीं है। रिपोर्ट में इंजीनियर का दावा है कि पत्नी खुद को हाथ लगाने पर जेल भिजवाने की धमकी देती है। कहती है, मुझे हाथ लगाया तो खैर नहीं, आपके लिए दूसरी ला दूंगी।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाले एक अधिवक्ता का इंजीनियर बेटा गुड़गांव में नौकरी करता है। अधिवक्ता ने बेटे की शादी के लिए इंटरनेट पर एक वैवाहिक साइट पर अकाउंट खोला था। नवंबर 2014 में हरियाणा की एक लड़की से रिश्ता तय हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक लड़की पत्रकार थी और शादी करने को इच्छुक नही थी। लेकिन परिजनों के दबाव में उसने इंजीनियर से शादी कर ली। लेकिन शादी के बाद उसने कभी इंजीनियर को अपने पास नहीं फटकने दिया।
इंजीनियर का आरोप है कि शादी को दो साल बीतने के बाद भी पत्नी ने कभी उसे पति नहीं माना। इंजीनियर का आरोप है कि जब भी पत्नी को समझाने की कोशिश करता है वह भड़क उठती है और धमकी देती है कि, मैं पत्रकार हूं, यदि मुझे बिना मर्जी के हाथ लगाया तो पूरे खानदान को जेल में सड़वा दूंगी।
इंजीनियर का आरोप है कि कई बार पंचायतें हो चुकी हैं और समझौते भी हुए लेकिन पत्नी ने उसे कभी पति नहीं माना। समझाने की कोशिश की तो पत्नी ने दो टूक कहा, मुझे भूल जाओ, आपके लिए दूसरी ढूंढकर ला दूंगी। इंजीनियर ने अपनी पत्नी और सास - ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।