कटघर थानाक्षेत्र में सात साल की बच्ची के साथ उसके चचेरे भाई ने बलात्कार किया। पहले तो मामले को दबाने की कोशिश की गई। लेकिन बाद में पूरे मोहल्ले में चर्चा होने पर बच्ची के पिता ने कटघर थाने में केस दर्ज करा दिया।
पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। जबकि बच्ची का मेडिकल कराया है। बलात्कार की घटना बीस जून की है। कटघर क्षेत्र में फैक्ट्री में नौकरी करने वाले कर्मचारी का परिवार रहता है। उसकी सात साल की बच्ची बीस जून को घर में खेल रही थी।
पिता ने आरोप लगाया है कि उसके भाई का पंद्रह वर्षीय बेटा उसकी बेटी को बुलाकर अपने कमरे में ले गया और उसने बच्ची के साथ बलात्कार किया। दो दिन बाद बच्ची को दर्द होने पर उसने आपबीती सुनाई। बच्ची ने आरोपी का नाम बताया।
इसके बाद वह आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराने को थाने जा रहा था। लेकिन परिवार के लोगों ने उसे रोक लिया। बुधवार को पीड़िता के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एसओ कटघर ओंकार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।