मुरादाबाद। सिविल लाइन थानाक्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी को अगवा करने का आरोप दूसरे समुदाय के युवक पर है। छह दिन का वक्त बीत जाने के बाद भी जब किशोरी बरामद नहीं हो सकी तो परिवार वालों ने अगवानपुर पुलिस चौकी पर जाकर हंगामा किया और किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की गई है। मामले की जानकारी होने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने भी नाराजगी जाहिर करी है।
सिविल लाइन थानाक्षेत्र में रहने वाली दुकानदार ने बताया कि उसकी बेटी 12 मार्च से लापता है। उसको डिलारी निवासी एक युवक नदीम लेकर गया है। युवक दूसरे समुदाय का है, उसकी एक रिश्तेदार का घर दुकानदार के घर के पास है। वहां पर युवक का आना जाना था, जिस वजह से दुकानदार की बेटी से युवक ने संपर्क साध लिया था। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, मामले की जांच अगवानपुर चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह को सौंपी गई। चौकी प्रभारी न तो अब तक आरोपी को गिरफ्तार कर सके न ही किशोरी को ही बरामद किया जा सका है। किशोरी के परिवार वाले शनिवार को चौकी पर पहुंचे, वहां पर हंगामा किया गया और रविवार को थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की गई है। इस मामले की जानकारी एसएसपी को भी हुई तो उन्होंने इंस्पेक्टर सिविल लाइन को निर्देश दिया है कि जल्द ही किशोरी को बरामद किया जाए। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपी के रिश्तेदारों के घर दबिश दी गई है, जल्द ही किशोरी को बरामद किया जाएगा।