बिलारी। स्थानीय कोतवाली के सनाई गांव में स्वयं सहायता समूह बनाकर सदस्यों की धनराशि हड़पने का आरोप समूह के अध्यक्ष पर लगा है। परेशान सदस्यों ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी है। सनाई गांव निवासी चंद्रपाल, हरचरन, हरवंश, रामरतन, अतीक, साबिर, नन्हुंकी आदि की ओर से पुलिस में की गई शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने गांव में एक स्वयं सहायता समूह बनाया था। समूह सदस्यों को कारोबार आगे बढ़ाने के लिए बैंक शाखा से ऋण धनराशि भी मंजूर हो गई। सदस्यों का आरोप है कि उनके द्वारा समूह में प्रतिमाह जमा की गई रकम समूह के अध्यक्ष ने नियम विरुद्ध तरीके से निकाल ली। जब अध्यक्ष को घेरकर नाराजगी जताई गई तब उसने मात्र एक एक हजार रुपये सभी सदस्यों को देते हुए कहा कि सरकार से यह अनुदान की धनराशि आई है। बाकी धनराशि उसने समूह के खाते में जमा कर दी है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने और समूह अध्यक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी तथा गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।