बिलारी। संभल जिले के एक गांव निवासी युवक को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी गई है। संभल जिले के थाना नखासा अंतर्गत बैटला गांव निवासी गफ्फार की ओर से शुक्रवार की शाम कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा गया कि उसके एक रिश्तेदार ने बिलारी नगर में ईदगाह के पास रहने वाले एक हकीम से उसे यह कहते हुए मिलवाया कि हकीम के जरिए विदेश में जाकर नौकरी मिल जाएगी। गफ्फार का आरोप है कि हकीम ने उसे दुबई भेजने के नाम पर कंपनी में रजिस्ट्रेेशन कराने और शुरूआती खर्च के नाम पर उसे अपने घर बुलाकर 30 हजार रुपये ले लिए। बाद में दुबई भिजवाने में असमर्थता जताने लगा। गफ्फार का आरोप है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तब हकीम ने धमकी देनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।