पाकिस्तान से आते समय अटारी रेलवे स्टेशन पर पकड़े गए जाबिर के बारे जानकारी जुटाने को बुधवार को दिन भर पुलिस और खुफिया तंत्र की टीमों ने पाकबड़ा में खाक छानी। दिन भर की मेहनत के बाद भी टीमों को कोई सफलता नहीं मिल पाई है। पासपोर्ट पर केवल जाबिर का पता पाकबड़ा लिखा है। जिससे यहां उसके बारे में जानकारी जुटाना मुश्किल हो गया है। पाकबड़ा थाने का काफी हिस्सा अब काटकर असमोली(जनपद संभल)में पहुंच गया है।
पाकिस्तान से समझौता एक्सप्रेस से अटारी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे जाबिर नाम के व्यक्ति से डेढ़ क्विंटल पारा बरामद किया गया था। जाबिर ने पूछताछ में बताया गया था कि वह मुरादाबाद के पाकबड़ा निवासी है। पूछताछ के कस्टम की टीम ने उसे छोड़ दिया था। एसएसपी जे रविंदर गौड ने जाबिर के बारे में जानकारी जुटाने के लिए एलआईयू को जिम्मेदारी सौंपी है। बुधवार को पुलिस और एलआईयू की टीमों ने पाकबड़ा पहुंचकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया। लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जाबिर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक की जांच में जाबिर में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।