मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में जख्मी बदमाशों ने मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर और अमरोहा में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। ये दोनों बदमाश सराफ को निशाना बनाने वाले गिरोह से जुड़े रहे हैं। इस गिरोह के दो बदमाश अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इन्होंने सराफ और भाजपा पार्षद कुलदीप नारायण के भतीजे निगम ठेकेदार हिमांशु से एक लाख रुपये की लूट की थी। इनसे 20 हजार नकद, तीन तमंचे और एक बाइक बरामद की है।
एसपी सिटी अंकित मित्तल ने रविवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि पकडे़ गए बदमाश छुट्टन निवासी सैविया कला जिला रामपुर और लक्ष्मण निवासी बिलारी है। लक्ष्मण का नाम पहले अभिषेक बताया गया था। दोनों बदमाशों ने बिलारी, कुंदरकी, मूंढापांडे, कटघर और मझोला में लूट की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। लक्ष्मण के खिलाफ 19 मामले मुरादाबाद और रामपुर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं, जबकि छुट्टन के खिलाफ 12 आपराधिक मामले मुरादाबाद, शाहजहांपुर और अमरोहा में दर्ज हैं। इस गिरोह की तलाश कटघर थानाक्षेत्र में अक्तूबर माह में निगम ठेकेदार से हुई एक लाख रुपये की नकदी लूटने के मामले में थी।
उन्होंने बताया कि एक सूचना पर रफातपुर के जंगल के पास चेकिंग के लिए पुलिस की टीम लगी थी, उसी दौरान दो बाइकों पर चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वह चारों बाइकों को मोड़कर भागने लगे तो एक बाइक फिसल गई। जिस पर छुट्टन और लक्ष्मण सवार थे। दोनों ने भागने के लिए पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में लक्ष्मण और छुट्टन के पैर में गोली लगी और वह गिर गए। बदमाशों की गोली सिपाही सतवीर के हाथ में लगी। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके दो साथी सतपाल और रामपाल निवासी बिलारी पुलिस को चकमा देकर भाग गए हैं। गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि उन्होंने चंदौसी में एक अपाचे लूटी थी। जिस पर सवार होकर वह लूट की वारदातें करते थे। इस अपाचे को उन्होंने बाद में जला दिया है, जिसकी वजह से वह पकड़ में नहीं आ सके। आरोपियों से बरामद स्प्लेंडर बाइक पर नंबर अंकित नहीं है। भागे हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिल्मी अंदाज में एक-एक गोली लगते ही बदमाशों का सरेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। कटघर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान जब बदमाशों पर गोली चलाई तो एक-एक गोली लगते ही उन्होंने फिल्मी अंदाज में आत्मसमर्पण कर दिया। यही कहानी है इस मुठभेड़ में पुलिस की। फिल्मों में भले ही बदमाश पुलिस की घेराबंदी होने पर मुठभेड़ में लगातार गोलियां चलाते हुए दिखाई देते हैं लेकिन इस मुठभेड़ की कहानी में बदमाश ज्यादा देर तक पुलिस का सामना नहीं कर सके। बदमाशों के पास से पुलिस ने पांच खोखे बरामद किए हैं। जिसमें से एक गोली सिपाही सतवीर को लगनी बताई गई है लेकिन चार कारतूस भी आरोपियों के पास से बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि रात के घने अंधेरे में जब बदमाश पुलिस की एक-एक गोली का शिकार बने और उनके पैर जख्मी हो गए तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने के बजाय अपने हथियार छोड़ दिए और उनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कटघर का हिस्ट्रीशीटर तैयार क रता था लूट की स्क्रिप्ट
मुरादाबाद। मुठभेड़ में जख्मी दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह का सरगना कटघर का हिस्ट्रीशीटर धर्मपाल है। वह सराफ की रेकी कर लूट की स्क्रिप्ट तैयार करता था, इसके बाद गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देकर भाग जाते थे। अब इस मामले में पुलिस को धर्मपाल की भी तलाश है। अंदेशा है कि वह दोबारा किसी सराफ को निशाना बनाने वाले थे, जिससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
हिस्ट्रीशीटर का छोटा भाई जहरखुरानी गिरोह का सदस्य
मुरादाबाद। सीओ कटघर सुदेश गुप्ता ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर धर्मपाल कटघर के पीतल बस्ती का ही रहने वाला है। उसके गिरोह के सदस्यों ने एक साल पहले भी कटघर थानाक्षेत्र में एक वारदात की थी। जिसमें एक आरोपी को मौके पर ही पकड़कर लोगों ने पीट दिया था, इस वजह से आरोपी की मौत हो गई थी। धर्मपाल ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। शनिवार रात को भी दोपहिया वाहनों पर सवार चारो आरोपी हिस्ट्रीशीटर धर्मपाल से ही मिलने के लिए आ रहे थे। धर्मपाल का छोटे भाई अनिल को पुलिस ने हाल ही में जेल भेजा है, वह जहरखुरानी गिरोह का सदस्य था। इस गिरोह में एक युवती भी शामिल थी।