भोजपुर से लापता हुए प्रेमी युगल के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। घर छोड़कर जाने से एक माह पहले ही वह दोनों कोर्ट मैरिज कर चुके हैं। इसके साक्ष्य भी पुलिस को मिल गए हैं। अब पुलिस का प्रयास जल्द ही छात्रा को बरामद कर उसके बयान न्यायालय में कराने का है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों ने गांव का जायजा लिया। अब भी वहां पर पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है, स्थिति अब नियंत्रण में है। बवालियाें में से तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस जांच के दौरान पता चला है कि प्रेमी युगल भोजपुर से दिल्ली गए थे। वहां पर वह करीब डेढ़ घंटे तक एक करीबी के यहां रुके थे। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने दिल्ली में दबिश दी थी लेकिन पुलिस के पहुंचने के पहले ही वहां से वे रिश्तेदार के घर से जा चुके थे। पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जिससे की प्रेमी युगल के बारे में जानकारी हो सके। सूत्रों ने बताया कि एक पत्र भी पुलिस को भेजा गया है, जिसमें छात्रा ने उसके प्रेमी और परिवार वालों की सुरक्षा की मांग भी पुलिस से की है। उनकी जान को खतरा बताया है। मंगलवार को गांव में उपजिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा विशाल यादव व एलआईयू की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। गांव में सन्नाटा पसरा है तथा पूर्ण शांति है। पुलिस ने दिल्ली में दो टीमें भेजी थी जिसमें से एक वापस लौट आई है। गांव में महिलाएं व बच्चे सहमे तथा डरे हुए हैं। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि प्रेमी युगल के कोर्ट मैरिज करने की सूचना मिली है। छात्रा की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उनको बरामद कर लिया जाएगा। बवालियों को गिरफ्तार करने के लिए एसएचओ को निर्देशित किया गया है। उम्मीद है कि बुधवार तक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एलआईयू की टीम ने दिन भर डाला गांव में डेरा
मुरादाबाद। प्रेमी युगल के लापता होने के बाद गांव में हिंसा भड़काने की साजिश का इनपुट मिलने के बाद दिन भर गांव में एलआईयू की टीम डेरा जमाए रही। घर-घर जाकर लोगों से जानकारी की गई। आगजनी की वारदात के वक्त वहां पर मौजूद लोगों आसपास के गांव में रहने वाले संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई है। संदिग्धों के मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी एकत्रित की गई है, जिससे की उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।