विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण करने वाले नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वीसी ने इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के आदेश दिए हैं। बगैर मानचित्र के निर्माण कराने वाले लोगों को प्राधिकरण अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक जामा मस्जिद से ताजपुर रोड पर अनिल मेहता, आसिम, जावेद, हाशमी बिल्डर्स, जाकिर प्रधान, मित्रपाल, शंकर सिंह द्वारा सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। इन सभी के ध्वस्तीकरण आदेश के साथ ही कटघर थाने में सभी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी गई है। पंडित नंगला में नाजिम और काशीपुर रोड पर डा. अरशद ने भी अवैध रूप से प्लाटिंग की थी। इसे तोड़ने के आदेश वीसी कनक त्रिपाठी ने दिए हैं। दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गजरौला में नेशनल हाईवे के किनारे हरीश कालरा द्वारा अवैध निर्माण किया गया। इसे तोड़कर प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश वीसी ने दिए हैं।
वीसी का कहना है कि अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। जो भी लोग प्राधिकरण से मानचित्र पास कराए बगैर अवैध रूप से निर्माण करेंगे उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे। अवैध निर्माणों को तोड़ा भी जाएगा।